Dindori Crime News : हत्या और दुष्कर्म का आरोपी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में, कटनी से दबोचा…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा | पूछताछ में कबूला जघन्य अपराध

डिंडौरी । हत्या और दुष्कर्म जैसे जघन्य मामलों में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम की लगातार दबिश के बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 को प्रार्थी अशोक झारिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन राधा बाई के साथ छोटू उर्फ देवेन्द्र चौधरी ने मारपीट कर सिर में गंभीर चोट पहुंचाई, जबकि हरिओम चौधरी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में थाना शहपुरा में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

 

इसी दौरान एक अन्य मामले में प्रार्थी ने अपनी 14 वर्षीय भांजी के साथ हरिओम चौधरी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने 4 मार्च 2026 को एक आरोपी छोटू उर्फ देवेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी हरिओम चौधरी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनुराग जामदार के नेतृत्व में टीम गठित कर कई स्थानों पर दबिश दी गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया गया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी हरिओम चौधरी को कटनी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त सामग्री और खून से सने कपड़े भी जब्त किए हैं। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अनुराग जामदार, उनि ताकेश्वरी मरकाम, सउनि बिपिन जोशी, राकेश यादव सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *