डिंडौरी। शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत जिले के अशासकीय विद्यालयों में बच्चों के निःशुल्क प्रवेश की प्रक्रिया 13 मार्च 2026 से शुरू होगी। इसमें नर्सरी, केजी-वन, केजी-टू और कक्षा पहली में प्रवेश हेतु योग्य अभिभावक आरटीई पोर्टल पर 13 मार्च से 28 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिला शिक्षा केन्द्र सर्व शिक्षा अभियान डिंडौरी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन 14 मार्च से 30 मार्च तक संबंधित जन शिक्षा केंद्रों में किया जाएगा। इसके बाद राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा 2 अप्रैल को ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा।
चयनित छात्रों को 3 अप्रैल से 15 अप्रैल तक आवंटित अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाएगा। अभिभावक अपनी सुविधा और नजदीकी के आधार पर प्राथमिकता क्रम में विद्यालय का चयन कर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
डिंडौरी जिले में 101 गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन किया जा सकेगा। चयनित छात्रों की जानकारी उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से भेजी जाएगी और विद्यालयों की आईडी में भी सूची प्रदर्शित होगी।
जिला शिक्षा केन्द्र ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में चयनित छात्र का प्रवेश अस्वीकृत नहीं किया जाएगा। अभिभावक आवंटन पत्र लेकर 3 अप्रैल से 15 अप्रैल तक विद्यालय में संपर्क करेंगे और स्कूल ऑनलाइन एप के माध्यम से उनकी रिपोर्टिंग दर्ज करेगा। इस प्रक्रिया से डिंडौरी जिले के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा का समान अवसर मिलेगा।
