डिंडौरी। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को लेकर जिला स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण 14 मार्च 2026 को प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) डिंडौरी में आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना पुस्तिका से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही सीएमएमएस पोर्टल पर हैंड्स-ऑन अभ्यास भी कराया जाएगा, ताकि जनगणना कार्य के दौरान पोर्टल के उपयोग में किसी प्रकार की समस्या न आए।
इस प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी, जिला योजना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। इसके अलावा तहसीलदार, ग्रामीण चार्ज जनगणना अधिकारी, नायब तहसीलदार, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक भी प्रशिक्षण में भाग लेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जयदीप नंदवार और संजय सोनी द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित तिथि और समय पर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
