Dindori News : टिकट देकर टाला भुगतान, डिंडौरी में सख्ती के बाद मिली तीन माह की मजदूरी,एक दखल ने पलट दी पूरी कहानी…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

तीन महीने से रुका 50 हजार मेहनताना पुलिस-मीडिया की पहल से खातों में ट्रांसफर

 

डिंडौरी। जिले में होली से पहले मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। हैदराबाद से लौटे 11 मजदूरों को तीन महीने से रुका हुआ उनका मेहनताना मीडिया और पुलिस की सक्रिय पहल से दिलाया गया। करीब 50 हजार रुपये की बकाया मजदूरी मजदूरों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई।

दरअसल टिकरिया और कमको गांव के निवासी ये मजदूर हैदराबाद में रेलवे विभाग के एक ठेकेदार के अधीन कार्यरत थे। मजदूरों का आरोप था कि उन्हें पिछले तीन महीनों से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया था। होली के अवसर पर गांव लौटते समय ठेकेदार ने उन्हें टिकट तो उपलब्ध करा दी, लेकिन बकाया राशि गांव पहुंचने के बाद देने का आश्वासन दिया।

डिंडौरी पहुंचने के बाद भी जब भुगतान नहीं हुआ तो मजदूर छोटे बच्चों के साथ परेशान हालत में दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने अपनी व्यथा मीडिया कर्मियों को बताई। मामला सामने आने के बाद मीडिया ने मजदूरों को कोतवाली थाना पहुंचाया, जहां पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए ठेकेदार से संपर्क किया।

 

लगातार प्रयासों के बाद लगभग 50 हजार रुपये मजदूरों के खातों में ट्रांसफर कराए गए। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने मजदूरों के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की। वहीं उपनिरीक्षक पाठक ने मानवीय पहल करते हुए मजदूरों को सुरक्षित गांव तक पहुंचाने के लिए एक ऑटो चालक को अपनी ओर से 500 रुपये दिए और उन्हें सकुशल घर पहुंचाने के निर्देश दिए। मेहनताना मिलने के बाद मजदूरों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पूरे घटनाक्रम में मीडिया और पुलिस की सकारात्मक भूमिका की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *