— स्कूल से सड़क तक व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश, कलेक्टर का औचक निरीक्षण
डिंडौरी। जिले के विकासखंड मेहंदवानी अंतर्गत निर्माणाधीन नवीन सीएम सांदीपनि विद्यालय का कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में प्रस्तावित वृक्षारोपण, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, कैमरा हॉल, डाइनिंग हॉल और मीटिंग हॉल सहित विभिन्न अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का अवलोकन किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण हों।



वहीं कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी पुलिस हाउसिंग बोर्ड को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मुख्य मार्ग से विद्यालय तक पहुँच मार्ग का शीघ्र निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। भूमि संबंधी समस्या के निराकरण के लिए तहसीलदार मेहंदवानी को आवश्यक कार्यवाही तत्काल करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हाई सेकेंडरी स्कूल चौबीस के नवीन भवन में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। वहीं ग्रामवासियों द्वारा वार्ड क्रमांक 2 में पेयजल संकट की जानकारी देने पर उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर नियमित जल प्रदाय शुरू करने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन उपलब्ध नहीं है, वहाँ नई पाइपलाइन बिछाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के समय जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बीओबीआरसी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम सिंगौर, कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग राकेश बघेल, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अफजल खान, लोक निर्माण विभाग के प्रतिनिधि ऋषभ कोकरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर के इस सख्त रुख से निर्माण कार्यों में तेजी आने और क्षेत्रवासियों को बेहतर शैक्षणिक व मूलभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
