— घर से निकला था मुस्कुराकर, लौटा कफन में लिपटकर: विक्रमपुर हाईवे पर दर्दनाक
डिंडौरी। जिले की विक्रमपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत विक्रमपुर और डूंगरिया के बीच शनिवार दोपहर ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हंसते-खेलते घर से निकला 33 वर्षीय युवक कुछ ही पलों में मौत की नींद सो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, डूंगरिया निवासी पोसा सिंह परस्ते (33 वर्ष) बाइक से डिंडौरी की ओर जा रहे थे। समय लगभग दोपहर 12:30 बजे, अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। सड़क पर गिरते ही उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमपुर ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर जैसे ही गांव पहुंची, डूंगरिया में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि पोसा सिंह परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे और घर की आर्थिक जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। विक्रमपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



