— अब नहीं टलेगा दस्तावेज पंजीयन—मार्च की हर छुट्टी में खुलेंगे दफ्तर
डिंडौरी। मार्च माह में संपत्ति पंजीयन कराने की सोच रहे लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। शासन ने आमजन की सुविधा और राजस्व हितों को ध्यान में रखते हुए एक अहम निर्णय लिया है। महानिरीक्षक पंजीयन मध्यप्रदेश द्वारा जारी आदेश के अनुसार मार्च 2026 में होली के अवकाश को छोड़कर शेष सभी सार्वजनिक अवकाश, प्रत्येक शनिवार और रविवार को जिले के सभी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे।
इस निर्णय से उन नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा जो कार्यदिवसों में समय नहीं निकाल पाते थे और दस्तावेज पंजीयन का कार्य लंबित पड़ा था। अब अवकाश के दिन भी शासकीय समय में वरिष्ठ जिला पंजीयक, जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालयों में दस्तावेजों का पंजीयन पूर्ववत किया जाएगा। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवकाश दिवसों में भी कार्यालयों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शासन को अपेक्षित राजस्व की प्राप्ति भी समय पर हो।
महानिरीक्षक पंजीयन ने परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षकों को भी अपने-अपने क्षेत्र में आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मार्च माह में होली के अतिरिक्त हर अवकाश पर पंजीयन कार्यालयों का खुलना निश्चित ही आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत और सुविधा का कदम माना जा रहा है। अब छुट्टी का दिन भी काम का दिन होगा, जिससे लोगों को भागदौड़ से निजात मिलेगी और समय की बचत होगी।


