डिंडौरी। जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत नारियल में संकल्प से समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की मुख्य अतिथि श्रीमती रामकिशोरी ठाकुर, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत रहीं। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत शहपुर के सरपंच राजू बनवासी, ग्राम पंचायत गनवाही के सरपंच चमरा सिंह परस्ते, ग्राम पंचायत पलकी की सरपंच श्रीमती सुहागवती मालवे सहित लगभग 150 ग्रामीण हितग्राही उपस्थित रहे।
शिविर में मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन योजना एवं दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
संकल्प से समाधान शिविर में 12 ग्राम पंचायतों—शहपुर, नरिया, रकरिया, बरगई, पलकी, मुड़िया कला, मुड़िया खुर्द, चौरा, धमनगांव, गणेशपुर, तेंदूमैर मोहतरा एवं गनवाही—के ग्रामीण, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों द्वारा शिविर में विभागवार दर्ज आवेदनों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। उपाध्यक्ष श्रीमती रामकिशोरी ठाकुर की उपस्थिति में योजनाओं में पंजीकृत ग्रामीणों की पात्रता संबंधी जानकारी का वाचन किया गया। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के निराकरण एवं योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में सहायता मिली।
