— डिंडौरी जनजातीय विभाग ने ई-अटेंडेंस में लापरवाही पर कसा शिकंजा, अनुपस्थित कर्मचारियों पर वेतन रोक, सेवा पुस्तिका में दर्जि और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी
मध्यप्रदेश के डिंडौरी में में सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी द्वारा IRMS/eHRMS एप के माध्यम से शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज न कराए जाने को गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाते हुए पत्र जारी किया गया है। जारी कार्यालयीन पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद आज दिनांक तक कई विकासखंडों में जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पत्र में उल्लेख है कि कर्मचारियों द्वारा ई-अटेंडेंस दर्ज न करने की स्थिति में एक दिवस का वेतन रोके जाने तथा सेवा पुस्तिका में प्रविष्टि किए जाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके थे, इसके बावजूद पालन नहीं हुआ। इस लापरवाही के कारण वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठकों में कार्यालय द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसे विभागीय अनुशासन के दृष्टिकोण से गंभीर माना गया है।
सहायक आयुक्त कार्यालय द्वारा पुनः निर्देशित किया गया है कि eHRMS पोर्टल का तत्काल सत्यापन किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी कर्मचारी सेवानिवृत्त या स्थानांतरित होकर अन्य जिले में पदस्थ न हो। ऐसे कर्मचारियों के नाम पोर्टल से पृथक करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही, लंबे समय से ई-अटेंडेंस दर्ज न करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव तैयार कर कार्यालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बता दें कि यह पत्र विकासखंड डिंडौरी, अमरपुर, समनापुर, बजाग, करंजिया, मेंहदवानी एवं शहपुरा सहित संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को भी सूचना प्रदान की गई है।जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी द्वारा जारी इस पत्र से स्पष्ट है कि अब उपस्थिति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।


