डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज खनिज विभाग की टीम ने तहसील डिंडौरी अंतर्गत चौकी विक्रमपुर क्षेत्र के ग्राम विक्रमपुर में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गिट्टी परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जप्त किया।
जप्त किए गए ट्रैक्टर का पंजीयन क्रमांक MP52 ZB 2837 है, जिसे चालक कमल सिंह धुर्वे, निवासी ग्राम विक्रमपुर तहसील डिंडौरी चला रहा था। वाहन के स्वामी आशीष गुप्ता बताए गए हैं। खनिज विभाग की टीम द्वारा ट्रैक्टर को जप्त कर सुरक्षार्थ विक्रमपुर में खड़ा कराया गया है।
खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए प्रकरण पंजीबद्ध किया जाएगा एवं प्रकरण को न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सोर्स:—जन संपर्क विभाग डिंडौरी।
