डिंडौरी। जिले में पारंपरिक खेलों के संरक्षण और बच्चों में खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। भारत शासन की राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) योजना अंतर्गत नवाचार के रूप में यह आयोजन क्लस्टर, विकासखंड और जिला स्तर पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिलेभर से कुल 52 टीमें भाग लेंगी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रतियोगिता 12 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग के लिए आयोजित की जा रही है। जिला स्तर पर प्रतियोगिता की नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन को नियुक्त किया गया है। वहीं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्वयक (सर्व शिक्षा अभियान) को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिले में पारंपरिक खेलों की क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित होंगी, जबकि विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 और 22 फरवरी 2026 को संपन्न होंगी। प्रत्येक विकासखंड से चयनित एक-एक टीम जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹21,000, द्वितीय पुरस्कार ₹11,000, तृतीय पुरस्कार ₹5,100 एवं सांत्वना पुरस्कार ₹1,100 प्रदान किए जाएंगे। क्लस्टर स्तर से चयनित टीमें विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगी, जिसके लिए तिथि, स्थल और टीम चयन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।
विकासखंड शहपुरा में 8 टीमों की भागीदारी रहेगी, जिसमें शहपुरा, बिछिया, अमेरा, मानिकपुर, कोहनी देवरी ढह, कछारी, बड़गांव एवं कस्तूर पिपरिया शामिल हैं। यहां 17 फरवरी 2026 को रानी दुर्गावती स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। विकासखंड करंजिया में 7 टीमें करंजिया, मुसामुंडी, रुषा, मेढाखार, गोरखपुर, झांकी और गोपालपुर से भाग लेंगी। प्रतियोगिता 18 फरवरी 2026 को उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान करंजिया में होगी।
विकासखंड डिंडोरी में कुल 10 टीमें प्राचीन डिंडोरी, कूड़ा, धूर्रा, नेवसा, शाहपुर, अझवार जामगांव, विक्रमपुर, कन्या विक्रमपुर और रायपुरा से भाग लेंगी। विकासखंड स्तरीय मुकाबले 18 फरवरी 2026 को कन्या शिक्षा परिसर डिंडोरी में आयोजित होंगे। विकासखंड बजाग में 7 टीमें खरहगना, सागर टोला, बजाग, गाड़ासरई, कन्या बजाग, चाड़ा और लालपुर से भाग लेंगी। यहां प्रतियोगिता 18 फरवरी 2026 को उत्कृष्ट विद्यालय बजाग में होगी। विकासखंड समनापुर में 6 टीमें खुड़िया, मझगांव, समनापुर, गौरा कन्हारी, कुकर्रामठ और बम्हनी से चयनित होंगी। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता 17 फरवरी 2026 को उत्कृष्ट विद्यालय मैदान समनापुर में होगी।
विकासखंड अमरपुर में 7 टीमें अमरपुर, कामको मोहनिया, निघोरी, सिधौली, कमरा सोडा और कन्या अमरपुर से भाग लेंगी। यहां 18 फरवरी 2026 को संदीपनी विद्यालय अमरपुर में प्रतियोगिता आयोजित होगी।
विकासखंड मेंहदवानी में 6 टीमें , सागर टोला, कनेरी, चौबीस, राई और कठौतिया से शामिल होंगी। प्रतियोगिता 18 फरवरी 2026 को उत्कृष्ट विद्यालय मेहदबानी में संपन्न होगी। विकासखंड नोडल अधिकारियों द्वारा आयोजन की सुचारु व्यवस्था के लिए कबड्डी खेल विधा विशेषज्ञों सहित आवश्यक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है। यह आयोजन जिले में पारंपरिक खेलों को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
