भोपाल। मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकानसूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई, 2026 के बीच संपन्न किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश ने कलेक्टरों और प्रमुख जनगणना अधिकारियों को पत्र जारी कर प्रशिक्षण में समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगा। इसमें जिला स्तर के जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी और एक जनगणना लिपिक शामिल होंगे। नगर निगम स्तर पर नगर जनगणना अधिकारी, जोनल चार्ज अधिकारी और एक जनगणना लिपिक तथा चार्ज स्तर पर ग्रामीण चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी और एक जनगणना लिपिक और नगरीय स्तर पर नगर पालिका/नगर परिषद के मुख्य अधिकारी और एक जनगणना लिपिक शामिल रहेंगे।

प्रशिक्षण के दोनों दिनों के लिए स्टेशनरी, लंच और चाय की व्यवस्था के लिए प्रति व्यक्ति प्रति दिन 650 रुपये निर्धारित किए गए हैं। जिला जनगणना अधिकारी इस प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी होंगे और आगामी सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन में भी जिम्मेदार रहेंगे। पत्र में सभी जिलों और नगर निगमों को निर्देश दिया गया है कि प्रशिक्षण में 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें और कलेक्ट्रेट सभागार में प्रोजेक्टर, व्हाइटबोर्ड जैसी सभी व्यवस्थाएँ समय पर पूरी की जाएँ।
सोर्स: जनगणना कार्य निदेशालय, मध्य प्रदेश, गृह मंत्रालय, भारत सरकार।
