भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल, हायरसेकण्डरी एवं अन्य परीक्षाएँ 10 एवं 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षाओं की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने प्रश्न-पत्रों के प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।मण्डल सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को प्रश्न-पत्र वितरण के बाद शेष बचे प्रश्न-पत्रों की प्रातः 09:15 बजे गिनती की जाएगी। इसके बाद पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में प्रश्न-पत्रों को लिफाफे में सील कर केन्द्राध्यक्ष द्वारा प्राप्त किया जाएगा।

बचे हुए सभी प्रश्न-पत्रों के सील्ड लिफाफों को एक अलमारी में सुरक्षित रूप से बंद कर सील किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक परीक्षा दिवस के अंत में शेष प्रश्न-पत्रों की प्रतिदिन जानकारी मण्डल को ई-मेल के माध्यम से भेजना अनिवार्य किया गया है। मण्डल ने समस्त जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे जिले के सभी केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों को उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। जानकारी mpbse@mp.nic.in अथवा regconf.mpbse@mp.gov.in पर भेजी जाएगी। इस आदेश की प्रतिलिपि संभागीय आयुक्तों, जिला पंचायत सीईओ, जिला शिक्षा अधिकारियों सहित सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
सोर्स: माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश।
