डिंडौरी। जिले शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के नेतृत्व में जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। जहां कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और माँ सरस्वती के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के प्रथम चरण में ग्राम पंचायत जल्दा मुडिया के ईमली टोला घाट के नीचे से सुरेश के घर की ओर सी.सी. रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। द्वितीय कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत किसलपुरी में नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
तृतीय चरण में ग्राम पंचायत परसेल के पोषक ग्राम हथकटा में नवीन आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही रंगमंच निर्माण कार्य और फूलसिंह मरकाम के घर से नानसिंह मरावी के घर तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इसी क्रम में ग्राम पंचायत परसेल के पोषक ग्राम पिण्डरुखी में हरिसिंह के घर से ईजीएस स्कूल तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। पंचम कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत भपसा के पोषक ग्राम नेवसा में खरमेर नदी में विद्युतीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया, जबकि छठवें कार्यक्रम में अमरपुर मुख्य मार्ग से भपसा मुकद्दमटोला तक डामरीकरण सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों की समस्याएं भी सुनीं और जिन लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया, उनके निराकरण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कार्यक्रम में बद्री प्रसाद साहू, अध्यक्ष अनिल साहू, रोहित मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर हर्ष व्यक्त करते हुए शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार प्रकट किया।
सोर्स:— जनसंपर्क विभाग डिंडौरी।


