डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में दिन शुक्रवार को कलेक्टर सभाकक्ष में मनरेगा, 15वें वित्त आयोग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और विधायक निधि के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, वाटरशेड, आंगनवाड़ी भवन, नवीन जनपद पंचायत भवन, अटल ग्राम सुशासन भवन, जल गंगा संवर्धन, तालाब निर्माण, मेढ़ तालाब, ग्रेबियन, स्टॉप डेम और पेयजल कूप निर्माण सहित सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन एसडीओ और सब इंजीनियरों की प्रगति 60 प्रतिशत से कम है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं, कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत पंकज जैन को निर्देशित किया गया है कि मनरेगा कार्यों की पूर्णता एवं लेबर नियोजन में कम प्रगति दिखाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और वेतन तब तक रोका जाए जब तक लक्ष्य पूर्ण न हो।
सांख्यिकी कार्यालय में पदस्थ अभिषेक बंसल को भी विधायक निधि के निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करने और प्रगति न होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 31 मार्च से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण होने चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत पंकज जैन, कार्यपालन यंत्री ललित कुमार, सीईओ जनपद पंचायत करंजिया पंकज देवड़ा, अमरपुर लोकेश नरनोरे, जिला स्वच्छता प्रभारी संगीता सोनी, एसडीओ, सब इंजीनियर, परियोजना अधिकारी और सहायक परियोजना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
सोर्स:—जन सम्पर्क विभाग डिंडौरी।
