डिंडौरी। आकांक्षी विकासखंड बजाग में “संपूर्णता अभियान 2.0” के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर तहसील सभा कक्ष में एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े चयनित इंडिकेटरों की सेक्टरवार गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सेक्टर सुपरवाइजर, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, गौ सेवक, खंड शिक्षा अधिकारी, आजीविका मिशन प्रबंधक एवं फ्रंट लाइन कार्यकर्ताओं के साथ चयनित इंडिकेटरों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तय समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि एनसी रजिस्ट्रेशन में कुछ हितग्राहियों के अन्य राज्यों से आगमन एवं समय पर समग्र आईडी उपलब्ध न होने के कारण पंजीयन में विलंब हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए समग्र आईडी शिविर आयोजित करने तथा पंजीयन प्रक्रिया को तेज करने पर सहमति बनी। वहीं जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनकी सूची तैयार कर संबंधित ग्राम पंचायतों में आधार केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई।
नीति आयोग के प्रतिनिधि डॉ. विकास जैन एवं हरिश विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि “संपूर्णता अभियान 2.0” का संचालन 28 फरवरी से 14 अप्रैल तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 6 प्रमुख इंडिकेटरों—जिसमें चार महिला एवं बाल विकास विभाग, एक पशुपालन विभाग एवं एक शिक्षा विभाग से संबंधित हैं—को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए आगामी तीन माह की संचित गतिविधि कार्ययोजना तैयार की गई है। अधिक चुनौतियों वाले गांवों में विशेष शिविर एवं डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से अभियान को सफल बनाने के निर्देश भी दिए गए।
एसडीएम रामबाबू देवांगन ने अभियान की निर्धारित अवधि में सभी चयनित इंडिकेटरों की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करने तथा शेष लक्ष्यों को भी 100 प्रतिशत हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। यह समीक्षा बैठक “संपूर्णता अभियान 2.0” को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है
सोर्स:—जन सम्पर्क विभाग डिंडौरी।
