डिंडौरी। जिले में दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हेलमेट पहनना अनिवार्य कराने के उद्देश्य से 03 फरवरी 2026 को थाना यातायात डिंडौरी में जिले के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में थाना प्रभारी यातायात सुभाष उईके सहित जिले के 16 पेट्रोल पंपों के मालिक एवं संचालक उपस्थित रहे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने पंप संचालकों को संबोधित करते हुए बताया कि शासन द्वारा हाल ही में “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” के निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है।
अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देने पर संबंधित पेट्रोल पंप के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने निर्देशों का पूर्ण पालन करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपनी एवं परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें।




