भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षा के संचालन और मूल्यांकन को लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए हैं।
— जारी आदेश के मुताबिक
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वार्षिक परीक्षा का आयोजन 23 फरवरी 2026 से 17 मार्च 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा की गोपनीयता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, संभागीय संयुक्त संचालकों और विद्यालय प्राचार्यों को दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वहीं निर्देशों के तहत परीक्षा की गोपनीय सामग्री जिला समन्वयक केन्द्र/ईएफए विद्यालय के माध्यम से परीक्षा के एक सप्ताह पूर्व म.प्र. राज्य ओपन बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रश्नपत्रों की पेटियां और ताले केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष को सामग्री वितरण केन्द्र पर स्वयं लाने होंगे।
मूल्यांकन व्यवस्था के लिए विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को नोडल तथा विकासखण्ड के उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य को सहायक नोडल एवं मूल्यांकन केन्द्र अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक विकासखण्ड के अंतर्गत सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालय उप-मूल्यांकन केन्द्र के रूप में कार्य करेंगे।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ब्लॉक स्तर पर प्रश्नपत्र अभिरक्षा केन्द्र निर्धारित करेंगे। इसके लिए उत्कृष्ट/सांदीपनि विद्यालय अथवा अन्य ऐसे विद्यालय चुने जाएंगे जहां सुरक्षित स्ट्रांग रूम उपलब्ध हो। स्ट्रांग रूम के अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरे तथा रात्रिकालीन सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था अनिवार्य होगी। आवश्यकता पड़ने पर जिले में एक से अधिक अभिरक्षा केन्द्र भी बनाए जा सकते हैं।

सभी जिलों को अभिरक्षा केन्द्रों की सूची 15 फरवरी 2026 तक ई-मेल के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों का सुरक्षित परिवहन जिला प्रशासन के सहयोग से जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। परीक्षा के दौरान केन्द्राध्यक्ष स्वयं प्रश्नपत्रों के पैकेट्स निकालेंगे तथा परीक्षा उपरांत उत्तरपुस्तिकाओं को विषयवार एवं कक्षावार सील कर सुरक्षित रखेंगे। परीक्षा समाप्ति के बाद समस्त उत्तरपुस्तिकाएं अभिरक्षा केन्द्र प्रभारी को जमा कराई जाएंगी, जिसके बाद मूल्यांकन केन्द्र अधिकारी उप-मूल्यांकन केन्द्रों को उत्तरपुस्तिकाएं आवंटित करेंगे।

मूल्यांकन कार्य 18 मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश हैं। वहीं इस वर्ष परीक्षाफल पत्रक एवं अंकसूची EMS पोर्टल के माध्यम से तैयार की जाएगी। सभी विद्यालयों को 23 मार्च 2026 को परीक्षा परिणाम घोषित करने तथा उसी दिन से सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने के आदेश दिए गए हैं।
