डिंडौरी। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा रविवार को एक सराहनीय पहल की गई। स्थानीय बस स्टैंड स्थित रानी अवंतीबाई चौराहे पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह के नेतृत्व में जरूरतमंद वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
दरअसल इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हेलमेट उन्हीं चालकों को दिए गए जिनके पास ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का इंश्योरेंस मौजूद था जो हेलमेट खरीदने में असमर्थ थे।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि हेलमेट मिलने के बाद भी यदि कोई चालक चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट पाया गया तो उसके विरुद्ध और अधिक चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने कहा कि हेलमेट जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है और बिना हेलमेट वाहन चलाना खतरनाक है।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल चालक बल्कि उनके परिवार का जीवन भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 1 फरवरी 2026 से जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। यदि पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा लापरवाही बरती गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कार्यक्रम के दौरान यमराज का भेष धारण किए समाजसेवी प्रकाश राव द्वारा लोगों को बार-बार हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया। उनकी टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों और हेलमेट के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर समाजसेवी रमेश राज्यपाल, अमजद खान, मनोज वर्मा (होंडा एजेंसी समनापुर) सहित अन्य लोगों ने भी हेलमेट वितरण कर नागरिकों से हेलमेट लगाने की अपील की। पत्रकार समय जगत के राकेश मिश्रा को भी हेलमेट देकर हमेशा पहनने की सलाह दी गई। हेलमेट वितरण कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री भारती मरावी, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके, सूबेदार अभिनव राय, एएसआई रामस्वरूप विश्वकर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
