डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन अंतर्गत अपूर्ण नल-जल योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बता दें कि बैठक में फरवरी माह तक पूर्ण किए जाने हेतु लक्षित 80 नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जनवरी 2026 में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध केवल 34 योजनाएं (43 प्रतिशत) पूर्ण होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शेष 126 अपूर्ण नल-जल योजनाओं को फरवरी 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में जल स्रोत उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य लंबित हैं, वहां शीघ्र नलकूप खनन कराया जाए। वहीं जिन गांवों में विद्युत आपूर्ति की समस्या है, वहां तत्काल विद्युतीकरण कराकर योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेसर्स आर.के. गुप्ता का अनुबंध निरस्त किए जाने के बाद संबंधित ग्रामों में पुनः अनुबंध प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जल जीवन मिशन की साप्ताहिक समीक्षा बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री अफजल अमानुल्लाह सहित समस्त सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं निरीक्षणकर्ता अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।



