डिंडौरी। करंजिया विकास खंड के एकीकृत माध्यमिक विद्यालय जोगीग्वारा में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बावली सरपंच श्रीमती हेमलता मरावी, उपसरपंच अनीता मरावी, पंचगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान गणमान्य अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। मुख्य अतिथि द्वारा छात्रों को कॉपी-पेन भेंट किए गए। शासन के निर्देशानुसार विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को खीर, पूरी, सब्जी सहित अन्य व्यंजन परोसे गए। अंत में प्रसाद वितरण किया गया। संस्था प्रमुख राम कुमार गर्ग ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं गांव के गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
