डिंडौरी। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मूल्यांकनकर्ताओं के प्रशिक्षण हेतु मास्टर ट्रेनर्स का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 02 एवं 03 फरवरी 2026 को माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय, भोपाल में संपन्न होगा।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। अनुपस्थित रहने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी चयनित मास्टर ट्रेनर्स को निर्धारित तिथि को प्रातः 10 बजे माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय भोपाल में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
— डिंडौरी जिले से चयनित मास्टर ट्रेनर्स
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिंडौरी जिले से चार शिक्षकों का चयन किया गया है, जो 03 फरवरी 2026 को प्रशिक्षण में भाग लेंगे—
शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, डिंडौरी से एस.के. द्विवेदी (प्राचार्य)
शासकीय हाई स्कूल विद्यापुर से श्री आर.के. शुक्ला
शासकीय हाई स्कूल किवटी से डॉ. आर.के. गौतम
शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, डिंडौरी से श्रीमती लतिका डेनियल
यह प्रशिक्षण माध्यमिक शिक्षा मंडल के साथ 13 जनवरी 2026 को आयोजित बैठक के निर्णय के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से मूल्यांकन प्रक्रिया में एकरूपता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जिलों में मूल्यांकनकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




