डिंडौरी। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले के कन्या शिक्षा परिसर, बजाग में भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला-जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह गान, लोकनृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियाँ दी गईं।

बालिका दिवस के अवसर पर रंगोली एवं पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बालिकाओं ने शिक्षा, सशक्तिकरण एवं समान अधिकार जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बताया कि जिले में 50 हजार बालिकाओं को एनीमिया मुक्त करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा छात्राओं के लिए निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं।
विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि बालिकाएँ समाज की शक्ति एवं राष्ट्र का भविष्य हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपनाकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बाल विवाह पर आधारित नाटक का मंचन भी किया गया। कार्यक्रम का समापन “आज की बालिका, कल का सशक्त भारत” के संदेश के साथ किया गया।




