डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को ग्राम पंचायत घानाघाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा (वीबीजी रामजी), माँ की बगिया, मेढ़-तालाब, वृद्धावस्था पेंशन, एसआईआर, किसान सम्मान निधि, आजीविका मिशन सहित पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। सभी दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम सचिव रेस कुमार बिलागर द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर कलेक्टर ने 10 दिन के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत करने और न प्रस्तुत करने पर कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को आगामी ग्रामसभा में ग्राम पंचायत के आवश्यक और जरूरतमंद विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर जनपद पंचायत डिंडौरी को प्रस्तुत करने के लिए कहा, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह तेजस्वनी नारी विकास महिला संघ द्वारा संचालित न्यूट्री बेकरी का भी अवलोकन किया। यहां कोदो, कुटकी, महुआ और मक्का से बनाए जा रहे ब्रेड, पाव, बिस्किट, बर्फी, नमकीन आदि उत्पादों की गुणवत्ता, पैकिंग और उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। समूह की अध्यक्ष रजनी मंदे और अन्य सदस्यों से उत्पादन से होने वाले लाभ, विक्रय व्यवस्था और कच्चे माल की जानकारी साझा की।
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम सिंगौर को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों और विभागीय बैठकों में इन पोषणयुक्त उत्पादों का नाश्ते के रूप में उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्व-सहायता समूह को आर्थिक लाभ प्राप्त हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम सिंगौर, जनसंपर्क अधिकारी, तहसीलदार, सरपंच, सचिव सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




