Dindori News : विद्यार्थियों के भविष्य संवारने ओजस यूथ क्लब ने कराया करियर काउंसलिंग कार्यक्रम….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। शासकीय हाई स्कूल मुड़की में ओजस यूथ क्लब के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कैरियर काउंसलिंग एवं विभिन्न विशिष्ट गतिविधियों का आयोजन किया गया। ओजस यूथ क्लब के संचालन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार कौशल विकास के अवसर प्रदान करना है, जिससे वे अपने भविष्य को सही दिशा दे सकें। कार्यक्रम के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान, एक पेड़ मां के नाम, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी सहित रोजगार उत्प्रेरक प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें आर्ट, क्राफ्ट, हस्तशिल्प, सिलाई, ब्यूटीशियन, कुकिंग एवं कृषि कार्य जैसे घटकों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। सिलाई एवं हस्तशिल्प गतिविधियों का संचालन महक नामदेव द्वारा तथा आर्ट क्राफ्ट एवं ब्यूटीशियन गतिविधियों का संचालन सुनीता बर्मन द्वारा किया गया।

विद्यालय में साप्ताहिक कैरियर काउंसलिंग सत्रों का भी आयोजन हुआ। इस दौरान डॉ. विकास जैन (आकांक्षी नीति आयोग, ब्लॉक बजाग) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, सिविल सर्विसेज, डिजाइनिंग एवं उद्यमिता जैसे विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी।

शासकीय पॉलिटेक्निक से आए प्राध्यापक प्रशांत तिवारी (भौतिक शास्त्र), नरेंद्र मेहरा (मैकेनिकल), सचिन वासनिक (सिविल) एवं रोहित कुर्मी (कंप्यूटर साइंस) द्वारा विद्यार्थियों को एआई एवं तकनीकी शिक्षा के विषय में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। रोजगार कार्यालय डिंडोरी से आए विषय विशेषज्ञ गगन शुक्ला, प्रेमचंद परस्ते, गौरी शंकर परस्ते एवं दीपांशु दुबे ने व्यावसायिक पाठ्यक्रमों एवं उच्च शिक्षा से संबंधित जानकारी दी।

कृषि विज्ञान केंद्र की तकनीकी अधिकारी डॉ. रेनू पाठक ने कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों एवं करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। जिला पंचायत डिंडोरी के परियोजना अधिकारी श्री चंद्रशेखर सिंह ने कैरियर निर्माण में गणित की उपयोगिता पर चर्चा की। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. गीता सिंह ने एग्रीकल्चर के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया। जिला प्रशिक्षण संस्थान की स्वीटी बोस ने शिक्षा के महत्व एवं विभिन्न विषयों में करियर विकल्पों की जानकारी दी। जवाहर नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से आए छात्र रोहित सुमन एवं सूर्यभान सिंह राजपूत (बी.एससी. चतुर्थ वर्ष) ने विद्यार्थियों को CUET, ICAR, PAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। ओजस यूथ क्लब के सफल संचालन में संस्था की प्रभारी प्राचार्य सुनीता नामदेव, शिक्षिका लक्ष्मी सैयाम, शिक्षक मोहम्मद शकील मंसूरी, शिक्षिका माया धुर्वे, अभिलाषा साहू, शिक्षक दिनेश नीरिया एवं ओजस यूथ क्लब प्रभारी सोनाली पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *