Dindori News : उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आज विशाल हिंदू सम्मेलन, संस्कृति और परंपराओं का होगा भव्य संगम..

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले के उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आज विशाल हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन हिंदू समाज के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी अवसर माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन एकत्रित होकर हिंदू संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत कलश स्थापना, भारत माता पूजन, ध्वज पूजन, गौ पूजन एवं कन्या पूजन जैसे पावन धार्मिक अनुष्ठानों से होगी। इन विधि-विधानों के माध्यम से श्रद्धालु अपने धर्म और संस्कृति के प्रति निष्ठा एवं भक्ति भाव व्यक्त करेंगे।

सम्मेलन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक झलकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें हिंदू संस्कृति की विविधता, परंपराओं और लोक रंगों का सजीव प्रदर्शन होगा। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इस अवसर पर पूज्य संतों एवं मातृ शक्ति के प्रेरणादायी उद्बोधन भी होंगे, जो समाज को सांस्कृतिक एकता और धर्म संरक्षण का संदेश देंगे। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज को एक मंच पर संगठित करना, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालु एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे और आपसी भाईचारे व एकता का परिचय देंगे।आयोजन समिति ने समस्त हिंदू समाज के परिवारों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन आयोजन को सफल बनाएं और इसे यादगार बनाएं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *