मध्यप्रदेश पुलिस की सतर्कता और अवैध आर्थिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी का एक और उदाहरण सामने आया है। जिला बड़वानी पुलिस ने नकली करेंसी तैयार कर उसे बाजार में चलाने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मटली की ओर से एक सफेद वाहन में नकली नोट लेकर कुछ लोग आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन की घेराबंदी की और तलाशी के दौरान 500 रुपये के कुल 98 नकली नोट बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि नकली नोट जिले में ही स्थित एक कियोस्क सेंटर पर रंगीन प्रिंटर–स्कैनर की मदद से सुनियोजित तरीके से तैयार किए गए थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कियोस्क सेंटर से उच्च गुणवत्ता वाला रंगीन प्रिंटर–स्कैनर, कटिंग से जुड़ी सामग्री, कैंची, टेप तथा 500 और 100 रुपये के मूल नोट भी जप्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी नकली मुद्रा को सामान्य बाजार में चलन में लाकर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने इस साजिश को विफल कर दिया। थाना पलसूद में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध गतिविधि में और कितने लोग शामिल हैं तथा क्या इसका संबंध किसी बड़े गिरोह से है। मध्यप्रदेश पुलिस की यह कार्रवाई दर्शाती है कि राज्य में नकली मुद्रा, आर्थिक अपराध और साइबर धोखाधड़ी जैसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
