भोपाल। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेज़ी से जारी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि अब तक 6 लाख 56 हजार 875 किसानों से 43 लाख 17 हजार 504 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इस खरीदी के एवज में किसानों को 6791 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
मंत्री राजपूत ने बताया कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि धान विक्रय के लिए 13 जनवरी तक स्लॉट बुक कराना सुनिश्चित करें। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतिम तिथि 20 जनवरी 2026 तय की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि धान विक्रय के लिए प्रदेशभर में 8 लाख 59 हजार 916 किसानों ने पंजीयन कराया है। एक दिसंबर से शुरू हुई खरीदी के लिए विभिन्न जिलों में कुल 1436 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक खरीदी गई धान में से लगभग 75 प्रतिशत, यानी 32 लाख 18 हजार 480 मीट्रिक टन धान का परिवहन भी किया जा चुका है। सरकार द्वारा समय पर भुगतान और सुव्यवस्थित व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिली है और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।
