Mp News : गणतंत्र दिवस पर बच्चों के संग अधिकारी करेंगे भोजन, 26 जनवरी को सभी स्कूलों में पीएम पोषण का विशेष भोज अनिवार्य…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

भोपाल। गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश की सभी लक्षित शालाओं में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत विशेष भोज का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इस संबंध में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग) द्वारा समस्त जिला कलेक्टरों एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार विशेष भोज में विद्यार्थियों को सब्जी-पूरी-खीर अथवा सब्जी-पूरी-हलुआ के साथ मिठाई वितरित की जाएगी। भोजन की तैयारी स्वच्छ स्थान पर एवं पूर्ण गुणवत्ता के साथ की जाएगी। संबंधित शाला के प्रधानाध्यापक या नोडल शिक्षक को भोजन सामग्री की जांच एवं निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

विशेष भोज में अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन एवं माताओं की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण रोस्टर के अनुसार वे भी भोजन ग्रहण करेंगे तथा गुणवत्ता का अवलोकन करेंगे। भोज की लागत के आकलन में विद्यार्थियों के साथ-साथ विशेष भोज ग्रहण करने वाले अंत्योदय कार्डधारी, माताएं एवं जनप्रतिनिधियों की संख्या को भी शामिल किया जा सकेगा।

आदेश में जनसहयोग और जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित किया गया है। जनसहयोग देने वाले नागरिकों को विशेष भोज में आमंत्रित करने के निर्देश हैं। जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वयं किसी एक शाला में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ भोजन करेंगे। साथ ही जिले के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि को भी विशेष भोज में शामिल होने का अनुरोध किया जाएगा।

इसके अलावा जनपद पंचायत स्तर, विकासखंड स्रोत समन्वयक एवं जनशिक्षा केंद्र प्रभारियों को आयोजन की मॉनिटरिंग का दायित्व सौंपा गया है। बड़ी संख्या में बच्चों को भोजन वितरण के दौरान साफ-सफाई एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य समन्वयक प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों का रोस्टर बनाकर उन्हें भी कम से कम एक शाला में विशेष भोज कार्यक्रम में सहभागी बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों के साथ सामूहिक रूप से गणतंत्र दिवस मनाया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *