डिंडौरी। कलेक्टर (महिला एवं बाल विकास) जिला डिंडौरी द्वारा विभागीय कार्यों को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से परियोजना अधिकारियों के प्रभार में संशोधन करते हुए आदेश जारी किया गया है। यह संशोधित आदेश 2 जनवरी को किया गया,जिसमें पूर्व में जारी आदेश दिनांक 18 दिसंबर 2025 में आंशिक संशोधन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार करंजिया, बजाग, डिंडौरी एवं मेहंदवानी परियोजनाओं में परियोजना अधिकारियों के पद रिक्त होने और परियोजना अधिकारी समनापुर के विरुद्ध आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर शिकायतें प्राप्त होने के कारण प्रशासनिक दृष्टि से यह निर्णय लिया गया है।
संशोधित आदेश के तहत सुश्री वदना धूमकेती, सहायक संचालक जिला कार्यालय डिंडौरी को डिंडौरी परियोजना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं श्रीमती शशि सांड्या, पर्यवेक्षक करंजिया को प्रभारी परियोजना अधिकारी करंजिया नियुक्त किया गया है। इसके अलावा त्रिलोक सिंह भवेदी, परियोजना अधिकारी अमरपुर को परियोजना अधिकारी समनापुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। प्रशासनिक स्तर पर किए गए इस फेरबदल को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने एवं कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
