मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने प्रशासनिक आधार पर चार यंत्रियों के तबादले एवं अतिरिक्त प्रभार संबंधी आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 2 जनवरी 2026 को मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल से जारी किया गया है, जो आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।
जारी आदेश के अनुसार सहायक यंत्री (सिविल) प्रताप सिंह बुंदेला, जो वर्तमान में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड बुरहानपुर में प्रभारी कार्यपालन यंत्री के रूप में पदस्थ थे, उन्हें नगर निगम इंदौर में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं देने के लिए पदस्थ किया गया है।
इसी क्रम में नरेश कुमार भास्कर, सहायक यंत्री (सिविल), जो लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी इंदौर मंडल कार्यालय में पदस्थ थे, उन्हें भी नगर निगम इंदौर में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है।
महिला अधिकारी वर्षा शिवपुरे, सहायक यंत्री (सिविल), वर्तमान में प्रभारी कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड खंडवा के पद पर कार्यरत थीं। उन्हें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड बुरहानपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं नारमल कुमार कनाडे, उपयंत्री (विद्युत/यांत्रिक), जो लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मैकेनिकल उपखंड खरगोन में पदस्थ हैं, उन्हें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंडलेश्वर संधारण उपखंड क्रमांक-2, नगर निगम इंदौर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि स्थानांतरित यंत्रियों को तत्काल कार्यमुक्त किया जाए। साथ ही सभी अधिकारियों के वेतन एवं भत्ते नवीन पदस्थापना स्थल से आहरित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
