भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा (भाप्रसे) के आवंटन वर्ष 2010 के अधिकारियों को बड़ी पदोन्नति दी है। जारी आदेश के अनुसार कुल 16 भाप्रसे अधिकारियों को अधिसमय वेतनमान (Super Time Scale) ₹1,44,200–2,18,200 (पे मैट्रिक्स-14) में पदोन्नत किया गया है। यह पदोन्नति 01 जनवरी 2026 से प्रभावशील होगी।
पदोन्नति के साथ ही अधिकारियों को उनके नाम के समक्ष दर्शाए गए पदों पर अस्थायी रूप से, आगामी आदेश तक स्थानापन्न पदस्थापना दी गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि जिन पदों को अधिसमय वेतनमान में असंवर्गीय माना गया है, उन्हें संबंधित संवर्गीय पदों के समकक्ष घोषित किया गया है।
पदोन्नति पाने वाले प्रमुख अधिकारियों में अनय द्विवेदी, कौशलेन्द्र विक्रम सिंह (कलेक्टर, भोपाल), तरुण राठी, कर्मवीर शर्मा, भास्कर लक्षकार, अभिजीत अग्रवाल, आशीष सिंह, छोटे सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, सपना निगम, दीपक कुमार सक्सेना, रामप्रताप सिंह जादोन, बसंत कुर्रे, सुरेश कुमार, चन्द्रशेखर वालिम्बे एवं शीलेन्द्र सिंह शामिल हैं।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि सभी पदोन्नत अधिकारियों को मिड कैरियर ट्रेनिंग फेज-IV में अनिवार्य रूप से भाग लेकर प्रशिक्षण पूर्ण करना होगा। यह आदेश राज्यपाल के नाम से, मुख्य सचिव अनुराग जैन द्वारा जारी किया गया है।
