डिंडौरी। कलेक्टर के निर्देशानुसार एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन के मार्गदर्शन में संबंधित विभागीय अधिकारियों ने धान खरीदी केंद्र लालपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान खरीदी की व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के समय उपस्थित किसानों से अधिकारियों ने सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि धान खरीदी में उपयोग किया जा रहा बारदाना आकार में छोटा होने के कारण धान की सिलाई करने में कठिनाई हो रही है, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और समय अधिक लग रहा है।
किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित एजेंसी को तत्काल उचित आकार का बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जाना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र प्रभारी को तौल प्रक्रिया एवं भुगतान व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रखने, किसानों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने तथा किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और धान खरीदी कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।




