Dindori Breaking News : 03 अधिकारियों को नोटिस, 01 की वेतन वृद्धि रोकी, कलेक्टर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर भदौरिया की अध्यक्षता में जिले के कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण आजीविका एवं कृषि अभियांत्रिकी विभागों के क्षेत्रीय अमले की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार एवं अधिकारीवार योजनाओं के लक्ष्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। लक्ष्य पूर्ति में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने एवं वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान मिनी स्प्रिंकलर एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर असंतोष जताया गया। पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत 93 प्रकरणों में से केवल 10 प्रकरणों को बैंक स्वीकृति मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए शेष प्रकरणों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विकासखंड अधिकारी द्वारा लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने पर एक वेतन वृद्धि रोकने और आरएचईओ कन्हैया लाल पटेल को कार्य में लापरवाही के चलते नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अब प्रत्येक दूसरे दिन अधिकारीवार लक्ष्य पूर्ति की समीक्षा की जाएगी।

कृषि विभाग की समीक्षा में रानी दुर्गावती अन्न प्रोत्साहन योजना की स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई। बताया गया कि 1 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक कोदो एवं कुटकी की खरीदी की जा रही है, जिसमें कोदो का समर्थन मूल्य 2500 रुपये और कुटकी का 3500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। जिले में 5036 कृषक पंजीकृत होने के बावजूद अब तक केवल 32 कृषकों से 134.17 क्विंटल उपार्जन होने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंडवार ठोस खरीदी योजना तैयार कर उपार्जन बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

कृषि अभियांत्रिकी विभाग अंतर्गत सुपर सीडर योजना में 30 लक्ष्यों के विरुद्ध 18 की पूर्ति तथा हैप्पी सीडर योजना में 20 लक्ष्यों के विरुद्ध मात्र 1 की पूर्ति पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त करते हुए एक सप्ताह में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के माध्यम से सुपर सीडर, हैप्पी सीडर एवं कोदो-कुटकी के पंजीयन और उठाव को बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अमरपुर मान सिंह परस्ते को कार्य में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने दो टूक कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपसंचालक कृषि अभिलाषा चौरसिया, आत्मा प्रभारी नेहा धूरिया, उद्यानिकी अधिकारी चंद्रपाल सिंह सोयाम, एनआरएलएम प्रबंधक अर्पणा पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *