Breaking News : हैरान करने वाली वारदात—शादी के 20 दिन बाद ‘लुटेरी दुल्हन’ ने भजिये में नशा मिलाकर उड़ाए 50 हजार व जेवर, 3 गिरफ्तार….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नांदवेल में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। शादी के कुछ ही दिनों बाद महिला ने भजिये में नशीला पदार्थ मिलाकर एक ही परिवार के 9 लोगों को बेहोश कर दिया और घर में रखे नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 10 दिसंबर 2025 को ग्राम नांदवेल से सूचना प्राप्त हुई कि एक परिवार के कई सदस्य बेहोशी की हालत में हैं। थाना प्रभारी भावगढ़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी को जिला चिकित्सालय मंदसौर में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद फरियादी सत्यनारायण पाल ने बताया कि उसकी शादी 20 नवंबर 2025 को वाराणसी (उ.प्र.) निवासी ज्योति से हुई थी। दिनांक 9 दिसंबर की रात करीब 8 बजे ज्योति ने घर में भजिये बनाए और उसमें नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के सभी सदस्यों को खिला दिए। इसके बाद सभी लोग बेहोश हो गए। इसी दौरान महिला घर से चांदी के पायजेब, बिछिया एवं लगभग 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भावगढ़ में अपराध क्रमांक 204/25 धारा 318(4), 123 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में गठित टीम ने जांच के दौरान उत्तर प्रदेश में दबिश देकर आरोपी महिला ज्योति को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गए जेवरात व नकदी बरामद की गई। पूछताछ में महिला ने अपने साथियों के नाम उजागर किए, जिसके बाद पुलिस ने अन्तिमा उर्फ प्रदीप राय और ग्राम नांदवेल निवासी रमेशसिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। इस गिरोह का मुख्य आरोपी बबलू निवासी गोरखपुर (उ.प्र.) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में थाना भावगढ़ पुलिस व साइबर सेल मंदसौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *