मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा आमजन की सड़क संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘लोक निर्माण से लोक कल्याण का लोकपथ’ मोबाइल एप का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। जिला मुख्यालय में जगह-जगह लगाए गए पोस्टरों में विभाग द्वारा दावा किया गया है कि सड़क पर गड्ढे दिखाई देने पर लोकपथ एप के माध्यम से फोटो अपलोड कर शिकायत दर्ज की जा सकती है, जिसे सात दिनों के भीतर निराकृत किया जाएगा। विभाग का कहना है कि लोकपथ एप की सुविधा केवल पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित सड़कों पर ही लागू होगी।
इसी क्रम में जागरूक युवक राघवेंद्र राजपूत (संचालक राजपूत मोबाइल) ने जबलपुर बायपास स्थित आईटीआई कॉलेज के पास क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों की तस्वीर एप पर भेजकर विभाग की सक्रियता परखने का प्रयास किया। शिकायत मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर सड़क के गड्ढों की मरम्मत करा दी।
शिकायतकर्ता राघवेंद्र ने बताया कि जिन स्थानों को लेकर शिकायत की गई थी, वहां तो मरम्मत की गई ही, साथ ही आसपास के अन्य गड्ढों को भी भर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था दुर्घटना की संभावनाओं को कम करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में उपयोगी सिद्ध होगी। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर उसे प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाता है। विभाग का उद्देश्य सड़क सुविधा के माध्यम से जनकल्याण को बढ़ावा देना है।




