Dindori Politics News : विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने विधानसभा में शुरू किया अनशन, उठाए मनरेगा, शिक्षा और आवास से जुड़े गंभीर मुद्दे….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने 02 दिसम्बर को मध्यप्रदेश विधानसभा में अनशन शुरू किया। उन्होंने अपने आंदोलन के माध्यम से प्रदेश एवं जिले की सामाजिक और विकासात्मक समस्याओं को उजागर किया। विधायक के अनुसार, मनरेगा योजना के तहत डिण्डौरी जिले और पूरे प्रदेश में सभी जॉब कार्ड धारियों को प्रतिवर्ष 100 दिन का रोजगार नहीं दिया जा रहा है। नियमों के अनुसार 60:40 के अनुपात में काम होना चाहिए, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। इसके कारण मजदूरों का पलायन बढ़ रहा है।

इसके अलावा, डिण्डौरी जिले के अधिकतर प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के भवन जर्जर स्थिति में हैं, जबकि कई संस्थाओं में भवन ही नहीं है। सरकार द्वारा बताया जा रहा है कि सभी संस्थाओं में उचित भवन मौजूद हैं, जो विधायक के अनुसार निराधार है।

विधायक ने आवास योजना की भी गंभीर कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया। कई आवासहीनों को स्वीकृति नहीं मिली, और जिनको मिली है, उनका पीएम आवास योजना के तहत निर्माण नहीं हो रहा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2015-16 के बाद इस योजना में कोई राशि वृद्धि नहीं हुई है, बल्कि इस वर्ष 10,000 रुपये घटा दिए गए हैं।

इसके अलावा, विधायक ने आशा कार्यकर्ता, मेट, रसोइया, अंशकालिक कर्मचारी, आंगनबाड़ी सहायिका, अतिथि शिक्षक सहित अन्य संविदा कर्मचारियों की मांगों पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में युवाओं में नशे का प्रसार बढ़ गया है और सरकार इसे रोकने में असमर्थ है।इन सभी मुद्दों को लेकर ओमकार सिंह मरकाम ने विधानसभा में अनशन शुरू कर दिया है और इसे लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सूचना भेज दी गई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *