Dindori News : DM का संवेदनशील पहल—दिव्यांग महिला को मिली तत्काल मदद, ट्राईसाइकिल से लेकर दिव्यांग प्रमाण पत्र तक त्वरित व्यवस्था…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई एक बार फिर जरूरतमंदों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच साबित हुई। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान ग्राम समनापुर निवासी 44 वर्षीय दिव्यांग महिला श्रीमती पूनम यादव अपनी कठिनाइयों को लेकर पहुँचीं। आवेदिका ने बताया कि वह पैरों से चलने-फिरने में असमर्थ हैं तथा कुछ माह पूर्व पति के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है।

उनकी स्थिति सुनते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अत्यंत संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल सहायता प्रदान की। कलेक्टर ने मौके पर ही ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए, जिससे महिला को तुरंत सहारा मिल सका।

इसी के साथ कलेक्टर ने आगे की औपचारिकता को सरल बनाने के लिए आवेदिका को तुरंत अस्पताल भेजकर उसका दिव्यांग प्रमाण पत्र भी जारी करवाया, जिससे शासन की विभिन्न दिव्यांगजन हितैषी योजनाओं का लाभ पाने का मार्ग सुगम हो गया।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आवेदिका को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए तथा भविष्य में मिलने वाली सभी शासकीय सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए। अचानक मिली इस त्वरित सहायता के बाद श्रीमती पूनम यादव ने जिला प्रशासन और कलेक्टर श्रीमती भदौरिया के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *