डिंडौरी। शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने चुनावी ड्यूटी में लगे शिक्षकों को नवंबर माह के वेतन भुगतान में राहत देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि जनजातीय कार्य विभाग भोपाल के निर्देशानुसार शिक्षकों की उपस्थिति EHRMS पोर्टल के आधार पर वेतन तैयार किया जा रहा है, लेकिन बड़ी संख्या में शिक्षक वर्तमान में भारत निर्वाचन आयोग के अंतर्गत बीएलओ, सहायक एवं सुपरवाइजर के रूप में लगातार ड्यूटी दे रहे हैं।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को भेजी गई वेतन सूची में बीएलओ शिक्षकों के नाम भी शामिल कर लिए गए हैं, जबकि ये शिक्षक सुबह से रात तक चुनाव कार्य में व्यस्त होने के कारण ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। राम कुमार गर्ग ने प्रशासन को पत्र लिखकर मांग की है कि चुनावी कार्य में लगे शिक्षकों को EHRMS उपस्थिति से छूट दी जाए, ताकि नवंबर माह का वेतन बिना किसी बाधा के जारी हो सके। शिक्षकों ने भी इस मुद्दे पर शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई है।



