डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के समाधान में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नॉट अटेंड पाए गए प्रकरणों पर संबंधित अधिकारी से ₹500 का जुर्माना वसूल कर राशि “झंडा दिवस” मद में जमा कराई जाए।
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। उन्होंने सभी विभागों को लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने, जन शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता बरतने और फील्ड विज़िट बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर भदौरिया ने कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों की मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाए ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके।




