डिंडौरी। जिला मुख्यालय प्रवास के दौरान ग्राम गौर कन्हारी की फूलझरिया बाई ने अपने 16 वर्षीय पुत्र अमरलाल केवरिया के इलाज के लिए प्रभारी मंत्री प्रतिभा बागरी से सहायता की गुहार लगाई। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए मंत्री बागरी ने तुरंत संज्ञान लिया और जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडे ने तत्काल बच्चे को जिला अस्पताल डिंडौरी में भर्ती कराया। जांच में एवेस्कुलर नेक्रोसिस विथ रिएक्टिव आर्थराइटिस की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने बताया कि यह बीमारी हड्डियों और जोड़ों को प्रभावित करती है, जिसके लिए विशेष उपचार की आवश्यकता होती है। अब अमरलाल को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत योजना के तहत बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया जा रहा है। मंत्री प्रतिभा बागड़ी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चे के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और उसे हरसंभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।





