Dindori breking News : BMO का नशे में वीडियो वायरल, DM के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई — CMHO ने किया प्रभार मुक्त…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। विगत दिनों बजाग स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र में पदस्थ बीएमओ डॉ विपिन सिंह राजपूत का नशे में धुत्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर डिंडौरी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज पांडे ने डॉ राजपूत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग के बीएमओ पद के प्रभार से मुक्त कर दिया है। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ चंद्रशेखर धुर्वे को बजाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आदेश क्रमांक मीडिया 2025 20452 दिनांक 05 नवंबर 2025 के तहत जारी इस कार्रवाई में सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई उस कथित वीडियो के वायरल होने के बाद की गई है जिसमें बीएमओ डॉ विपिन सिंह राजपूत को हाथ में वॉटल और चिलम लेकर नशा करते हुए दिखाया गया था, हालांकि जनधारा न्यूज इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

गौरतलब है कि जिले में इस समय नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है और प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी द्वारा हाल ही में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी का ही इस तरह का वीडियो सामने आना पूरे अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज पांडे ने कहा कि वीडियो की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद जिला स्तर पर स्वास्थ्य अमले में हड़कंप की स्थिति है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और स्थायी समाधान की मांग की है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *