Dindori Breking News : खड़ी बस में लगी आग से मचा हड़कंप, मालिक ने प्रतिद्वंद्वी पर साजिश का जताया शक….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिला मुख्यालय के सूबखार इलाके में मंगलवार देर रात एक खड़ी बस में अचानक आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 सूबखार की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP 18 P 5786, यासीनी ट्रैवल्स के नाम से पंजीकृत थी। बस मालिक मोहम्मद अख्तर ने बताया कि बस उनके घर के बाहर खड़ी थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। आस-पास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

वहीं बस मालिक मोहम्मद अख्तर ने आरोप लगाया है कि उनका एक अन्य बस मालिक के साथ पुराना कोर्ट केस चल रहा था, जिसमें हाल ही में वे विजयी हुए हैं और अपनी बस को डिंडौरी–मंडला मार्ग पर संचालित कर रहे थे। उनका कहना है कि प्रतिद्वंद्वी बस मालिक ने पहले ही धमकी दी थी कि वे बस नहीं चलने देंगे। अख्तर ने कहा कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश हो सकती है। पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। वहीं नगर में देर रात हुई इस घटना से पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मांग की है कि आगजनी की इस घटना की गहराई से जांच कर वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *