डिंडौरी। समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विभागीय अधिकारियों को लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन और जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने विशेष रूप से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रभारी सहायक यंत्री श्रीकांत गुप्ता, प्रमोद उपाध्याय और गगन कुम्हरे को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। इनके कार्यक्षेत्र में 50 से 100 दिनों से अधिक पुरानी शिकायतें लंबित पाई गई हैं, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि सभी प्रकार की शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। कलेक्टर ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी अधिकारी की शिकायतें समयसीमा से अधिक लंबित पाई जाती हैं, तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की प्राथमिकता है और इसके लिए प्रत्येक अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।





