Dindori News : सीवर लाइन गड़बड़ी पर प्रभारी मंत्री का सख्त रुख — संबंधित एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले की प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास और आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगर परिषद डिंडौरी और शहपुरा के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में नगर के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान मंत्री ने सीवर लाइन बिछाने में की गई गड़बड़ियों पर नाराजगी जताई और संबंधित एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में पार्षदों ने बताया कि शहर के कई वार्डों में सीवर पाइपलाइन गलत ढंग से बिछाई गई है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है। इस पर मंत्री श्रीमती बागरी ने संबंधित एजेंसी को 15 दिनों के भीतर सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि तय समयसीमा में समस्या का निराकरण न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण के दौरान सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र किया जाए, ताकि उसका वैज्ञानिक निपटान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नगर विकास की कई प्रमुख योजनाओं — जैसे नर्मदा नदी पर झूला पुल निर्माण, नालों के ट्रीटमेंट प्लांट, गौशाला निर्माण, पर्यटन स्थलों के विकास और सोलर पैनल परियोजनाओं — की प्रगति प्रस्तुत की गई। मंत्री ने कहा कि नगर की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सभी प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर शासन को भेजी जाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र सिंह राजपूत, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, नगर पंचायत शहपुरा अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, उपाध्यक्ष सारिका नायक, पार्षदगण और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *