डिंडौरी। जनपद पंचायत डिंडौरी के सदस्य संतोष सिंह चंदेल (क्षेत्र क्रमांक 17) ने जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी को पत्र लिखकर जनहित में महत्वपूर्ण मांग रखी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद पंचायत मेहंदवानी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को अतिरिक्त रूप से जनपद पंचायत डिंडौरी एवं जनपद पंचायत शहपुरा (वित्तीय प्रभार) का दायित्व सौंपा गया है, जिससे कार्यप्रणाली गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
चंदेल ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि एक ही अधिकारी के पास तीन जनपदों का कार्यभार होने से डिंडौरी जनपद में विकास कार्य लगभग ठप पड़ गए हैं। दैनिक रूप से ग्रामीण और जनप्रतिनिधि अपने पंचायत संबंधी कार्यों को लेकर जनपद कार्यालय पहुँचते हैं, लेकिन सीईओ की अनुपस्थिति के कारण निराश होकर लौटना पड़ता है। कई महीनों से जनपद सदस्यों की भी सीईओ से मुलाकात नहीं हो पा रही है, जिसके चलते प्रस्तावों की स्वीकृति, भुगतान और पंचायत गतिविधियाँ प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों की समस्याओं का निराकरण समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे जनता में असंतोष की स्थिति बन रही है। विकास योजनाएँ कागजों तक सीमित हैं और जनहित कार्यों की गति धीमी पड़ गई है।
जनपद सदस्य संतोष सिंह चंदेल ने जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी से मांग किया है कि शीघ्र ही जनपद पंचायत डिंडौरी में एक स्थायी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की जाए, ताकि पंचायतों के विकास कार्यों में गति आ सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह कदम जनहित में अत्यंत आवश्यक है और इससे जनपद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार होगा।




