Dindori News : सांस्कृतिक रंगों में सजा डिंडौरी! छात्राओं ने दिखाई कला और संस्कृति की झलक….

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

Dindori News : सांस्कृतिक रंगों में सजा डिंडौरी! छात्राओं ने दिखाई कला और संस्कृति की झलक…

मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को शासकीय कन्या शिक्षा परिसर रयपुरा डिंडौरी में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे अतिथियों के आगमन के साथ हुआ।

समारोह में विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, उपाध्यक्ष अंजू व्यवहार, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता सारस, उपाध्यक्ष सारिका नायक, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात मध्यप्रदेश गीत का सामूहिक गायन हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह में प्रदेश गौरव और एकता की भावना को प्रबल किया। छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति और स्वागत उद्बोधन में जिले की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों का उल्लेख किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत ग्राम पंचायत गाडासरई के स्थानीय कलाकारों ने गेडी नृत्य, डंडा गीत, सुआ गीत और सैला नृत्य जैसी लोक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों और कलाकारों द्वारा समूहगान, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्राओं का सम्मान भी किया गया। कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान पर राजेश्वरी मरावी, द्वितीय स्थान पर कुंती मरावी, जबकि कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान पर दिव्या तेकाम और द्वितीय स्थान पर हर्षिता आर्मो को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस आत्ममंथन और नवसंकल्प का अवसर है। डिंडौरी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा ही सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है, छात्राएं मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने घोषणा की कि जो विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करेंगे उन्हें नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि डिंडौरी की संस्कृति और मेहनतकश जनता ने प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया है। राज्य सरकार आदिवासी अंचलों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। आइए, हम सब मिलकर स्वच्छ, सशक्त और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।

जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि हमें शिक्षा, रोजगार और कृषि के क्षेत्र में जिले को अग्रणी बनाना होगा। आदिवासी अंचल की प्रतिभाओं को मुख्यधारा से जोड़ना हमारी जिम्मेदारी है। जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों की आय में वृद्धि हो रही है। नवागत कलेक्टर के नेतृत्व में जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों में सराहनीय प्रगति हो रही है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में नरेन्द्र सिंह राजपूत, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, सुधीर तिवारी, पवन शर्मा, आशीष वैश्य, राहुल पांडे, खिलपत सिंह, द्वारका ठाकुर, एसडीओ भारती मेरावी, सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार जाटव, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, प्राचार्य मिथलेश झारिया सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।समारोह का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन सुसंगठित और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।

— देवउठनी एकादशी पर पूजन-अर्चन

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नर्मदा नदी डेम घाट पहुंचकर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की और दीपदान किया। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास की कामना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हमें नई ऊर्जा देता है, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों से ही हम जिले को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जा सकते हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *