Dindori News : तकनीकी गड़बड़ी से सैलरी कटी, दीपावली पर निराश हुए प्रशिक्षक, कलेक्टर और डीईओ से की शिकायत…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले के व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक और आईसीटी कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर्स सितंबर 2025 माह की सैलरी में हुई कटौती को लेकर नाराज हैं। प्रशिक्षकों ने आरोप लगाया है कि VTS Manpower App और एजुकेशन पोर्टल में आई तकनीकी खामियों के कारण उनकी उपस्थिति सही ढंग से दर्ज नहीं हो सकी, जिससे वेतन में अनुचित कटौती की गई है।

VTS App में तकनीकी खराबी से प्रभावित हुए व्यावसायिक प्रशिक्षक

नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ, डिंडौरी के अध्यक्ष ने बताया कि सितंबर माह में कई दिनों तक VTS Manpower App तकनीकी रूप से बाधित रहा। प्रशिक्षकों ने बार-बार उपस्थिति दर्ज करने का प्रयास किया, लेकिन ऐप के न चलने के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी। माह के अंत में प्राचार्यों द्वारा भौतिक उपस्थिति की पुष्टि कर सही डेटा पोर्टल पर भेजा गया, इसके बावजूद सैलरी में कटौती की गई। महासंघ ने डीपीआई, व्यावसायिक शिक्षा समन्वयक, कलेक्टर डिंडौरी और जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल समाधान की मांग की है। प्रशिक्षकों ने कहा कि दीपावली जैसे त्यौहार के समय सैलरी कटना निराशाजनक और अन्यायपूर्ण है।

आईसीटी कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर्स की भी सैलरी में कटौती

आईसीटी कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर्स ने बताया कि 4 सितंबर की शाम को ऑनलाइन उपस्थिति लगाने का आदेश जारी हुआ था, जबकि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय अवकाश था। उन्होंने 6 सितंबर से नियमित उपस्थिति दर्ज की, इसके बावजूद 5 दिन की सैलरी काटी गई। इतना ही नहीं, 30 सितंबर को स्थानीय शासकीय अवकाश होने के बावजूद उस दिन की सैलरी भी काट ली गई। प्रशिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी, डिंडौरी को पत्र भेजकर सितंबर माह की पूरी सैलरी जारी करने की मांग की है। प्रशिक्षकों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि तकनीकी खामियों को शीघ्र ठीक कर सही उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि दीपावली जैसे त्योहारों पर कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *