डिंडौरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेशभर की बहनों के खातों में राशि अंतरण किया। इस दौरान डिंडौरी जिले की कुल 1,31,226 लाडली बहनों के खातों में लगभग 19 करोड़ 57 लाख रुपए की राशि हस्तांतरित की गई।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में सूचना प्रसारण केंद्र डिंडौरी में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। यह राज्यस्तरीय कार्यक्रम श्योपुर जिले से सीधा प्रसारित किया गया, जहाँ से मुख्यमंत्री ने बहनों से संवाद कर योजना के महत्व और उनके सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला।
जिले के सभी ग्राम पंचायतों, आंगनवाड़ी केंद्रों, जनपद कार्यालयों और विकासखंड मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लाडली बहनें, जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना ने उन्हें आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में नई ऊर्जा दी है। मुख्य कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक, पार्षद श्रीमती रूपाली जैन, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री श्याम सिंगौर, जनसंपर्क अधिकारी सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बहनें उपस्थित थीं।





