डिंडौरी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार, 8 अक्टूबर को डिंडौरी जिला चिकित्सालय में सामूहिक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए बड़ी संख्या में रक्तदान किया तथा मानवता और समाजसेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बजरंग दल के जिला सह संयोजक विकास परमार, राहुल, करण, सत्यम, राजा, तेजपाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर कहा कि “रक्तदान महादान है” — यह जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने के साथ-साथ समाज में एकता और सेवा की भावना को सशक्त करता है।
स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने संगठन के मूल उद्देश्य “राष्ट्र सेवा, धर्म रक्षा और समाज समर्पण” को दोहराते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर बजरंग दल का झंडारोहण किया गया और “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। पदाधिकारियों ने कहा कि यह दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि संगठन, सेवा और संस्कार के भाव को मजबूत करने का प्रतीक है। कार्यक्रम के सफल संचालन में बजरंग दल डिंडौरी के सभी कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।





